शाहजहांपुर/कांट। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को गड्ढा मुक्त की जा रहीं सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित कांट-मदनापुर मार्ग पर कई जगह बारिश में सड़क पर बने गड्ढे देख उन्हें समतल कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने डींगुरपुर में सड़क के किनारे जलभराव देख उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जल निकासी का उचित प्रबंध कराने के निर्देश दिए। लोनिवि के अभियंता को गड्ढा मुक्त की जा रही सड़कों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में निर्माण सामग्री अच्छी श्रेणी की लगाई जाए। जहां सड़क धंस गई है, वहां मिट्टी कार्य करके बजरी-कोलतार का लेपन कराने के निर्देश दिए।
डींगुरपुर पहुंचने पर डीएम ने संविलियन विद्यालय के बच्चों से अंग्रेजी व हिंदी की पुस्तकें पढ़वाईं और पहाड़े सुने। सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं होने और हैंडपंप के पास जलभराव देख डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। 183 पंजीकृत में से केवल 96 बच्चे उपस्थित मिलने पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
000
प्रगतिशील किसान कौशल के फार्म हाउस पर किया भ्रमण
निरीक्षण के दौरान डीएम गंगानगर के प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा के फार्म हाउस पर पहुंचे और कुछ देर वहां भ्रमण किया। उन्होंने उनके अत्याधुनिक तरीके से खेती करने की विधियां देखीं और उनकी सराहना की। इस दौरान उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के प्रति जागरूक करने पर जोर देते हुए प्रगतिशील किसान से इस कार्य में आगे आने का आग्रह किया। कृषि फार्म मालिक ने बताया कि गन्ना की खेती के लिए वह जनपद सहित आसपास के अन्य जनपदों के किसानों को निरंतर जरूरी सुझाव दे रहे हैं।