शहर की संकरी सड़क से निकलती ई-बस। संवाद
शाहजहांपुर। जिले में संचालित ई-बसों का इंतजार करने के बजाए उनकी लोकेशन मोबाइल एप पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए नगरीय परिवहन निदेशालय ने एप को लांच किया है। अधिकारियों ने ई-बस सेवा की सुविधा का जिला स्तर पर प्रचार-प्रसाार शुरू कर दिया है।
जिले में 21 ई-बसों का संचालन हो रहा है। पुवायां मार्ग पर दस और निगोही रूट पर तीन बसें दौड़ाई जा रही हैं। शेष बसों का संचालन शहरी क्षेत्र में किया जाता है। गर्मी आने के साथ ही लोग तेज धूप और हवा के थपेड़ों से बचने के लिए ई-बस का सफर करना उपयुक्त समझते हैं, लेकिन ई-बस की लोकेशन उन्हें नहीं मिल पाती है। इस वजह से उन्हें बसों का इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों की समस्या का समाधान करते हुए नगरीय परिवहन निदेशालय ने ई-सिटी यूपी के नाम से मोबाइल एप लांच किया है। इसमें शाहजहांपुर जिले के रूट भी फीड किए गए हैं।
ई-बस सेवा के प्रभारी मोहम्मद हुमायूं लारी बताते हैं कि मोबाइल एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। एप को खोलने के बाद लाइव ट्र्रैकिंग व्यू में जाकर रूट डालने पर बसों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मोबाइल पर ही देख सकेंगे कि संबंधित बस किस स्थान पर है और कितनी देर में उनके पास पहुंच जाएगी। एप का लाभ लेकर लोगों को बसों का इंतजार कर समय खराब नहीं करना होगा।
-
बसों में चस्पा किए जा रहे पोस्टर
-एप के प्रचार-प्रसार को शुरू कर दिया है। ई-बसों के अंदर ही एप के फायदे वाले पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं। ई-बस सेवा के प्रभारी ने बताया कि लोगों को मैसेज भेजकर भी जानकारी दे रहे हैं।
-
दूसरे दिन भी शहर में नहीं चलीं बसें
-ईदगाह में मेला लगे होने के कारण ग्रामीण रूट पर चलने वाली ई-बसें किसी तरह निकाल दी गई, लेकिन शहरी क्षेत्र की ई-बसों को चार्जिंग स्टेशन से नहीं निकाला गया। ईद का दूसरा दिन होने के चलते नगर में सवारी नहीं मिलने की संभावना के चलते बस सेवा को बंद रखा गया।