जलालाबाद। बार संघ की नई कार्यकारिणी के गठन की चुनावी प्रक्रिया के तहत बुधवार को नामांकन और उनकी जांच का कार्य पूरा कर लिया गया। अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन हुए, जबकि कोषाध्यक्ष व महासचिव पद के लिए दो-दो प्रत्याशियाें में सीधा मुकाबला होगा। वरिष्ठ व कनिष्ठ उपाध्यक्ष सहित संयुक्त सचिव के दोनों पदों पर केवल एक-एक नामांकन होने से इन चारों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद चंद्र शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अनिल पाठक, ऋषिपाल यादव, ओमप्रकाश सक्सेना और सुभाष चंद्र मिश्रा ने, महासचिव पद के लिए अमित परमार और अनंगपाल सिंह ने तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए सुधीर कुमार सिंह और राजकुमार कश्यप ने अपने पर्चे दाखिल किए।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए प्रशांत सक्सेना (बंटी), कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए सत्येंद्र वर्मा, संयुक्त सचिव प्रथम के लिए हर्षित कुमार गुप्ता और संयुक्त सचिव द्वितीय के लिए मिथुन गुप्ता का एक-एक नामांकन प्राप्त होने से इन सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। उन्होंने बताया कि आठ जनवरी को आपत्तियां लेकर उनका निस्तारण किया जाएगा। नौ जनवरी को नाम वापसी और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
मतदान 14 जनवरी को होगा और उसी दिन देर शाम तक मतों की गिनती कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता परिषद की देखरेख में हो रहे चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसील में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। संवाद