कांट। नगर पंचायत सीमा क्षेत्र में नाला-नालियों का कराया गया निर्माण कार्य जांच में गुणवत्ताहीन पाया गया। इस मामले में अवर अभियंता सिविल जोगेंद्र गंगवार ने निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार संजीव गुप्ता को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
ठेकेदार को जारी नोटिस के अनुसार 15वें वित्त आयोग की धनराशि से कराए जा रहे कई निर्माण कार्यों में अनियमितताएं पाई गईं। वार्ड संख्या चार नबीपुर में हिमांशु के मकान से पुलिया तक नाला निर्माण कार्य, वार्ड सात गढ़ी पूर्वी द्वितीय में मदनापुर मार्ग पर सीएचसी तक नाला निर्माण के निरीक्षण में पाया गया कि दोनों निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया।
नोटिस के अनुसार इससे पहले भी ठेकेदार को निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। नोटिस में ठेकेदार को दोनों स्थानों पर मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने की ताकीद की गई है। जेई के अनुसार नोटिस का संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने और कार्य में सुधार नहीं होने पर ठेकेदार कि फर्म को ब्लैकलिस्ट कर भविष्य में उससे कोई काम नहीं लिया जाएगा। संवाद