जैतीपुर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के एक गांव में आई बरात में दुल्हन ने जयमाल के समय दूल्हे को नापसंद कर दिया। इससे सब चौंक गए। बाद में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच सामान वापस करने को लेकर रजामंदी हुई और बरात लौट गई। हालांकि मंगलवार देर शाम जेवर वापस न करने पर दूल्हा पक्ष के लोग थाने पहुंचे और तहरीर दी। थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास हो रहा है।
सोमवार रात को बरेली क्षेत्र के फरीदपुर से जैतीपुर के गांव बरात आई थी। बरातियों का आदर सत्कार किया गया। खाने-पीने के बाद जयमाल का कार्यक्रम शुरू हुआ। जयमाल के स्टेज पर पहुंची दुल्हन ने अचानक दूल्हे को नापसंद करते हुए शादी से इनकार कर दिया। इससे वहां मौजूद सभी लोग हतप्रभ रह गए। दोनों पक्ष के लोग एकत्र हो गए। पूरी रात और मंगलवार को पूरे दिन दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत होती रही।
तय किया गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से लिए हुए सामान को वापस कर देंगे। मंगलवार शाम वर पक्ष जैतीपुर थाने पहुंचा और तहरीर देकर बताया कि वधू पक्ष के लोग उनके दिए जेवर वापस नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया। दोनों पक्षों में बातचीत हो रही है लेकिन फिलहाल कोई हल नहीं निकला है।