तिलहर में पूर्वी भक्सी तिराहे से सरयू वाली पुलिया तक एंगल लगाकर अवैध कट को बंद किया गया। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे को पूर्वी भक्सी तिराहा से सरयू पुलिया तक पार करने के लिए डिवाइडर तोड़कर बनाए गए अवैध कट राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने शनिवार को दोबारा एंगल लगाकर बंद करा दिए। इससे अवैध कट से निकलने वालों के साथ हाईवे पर होने वाले हादसे कम होने की संभावना है।
कुछ माह पहले स्थानीय लोगों ने हाईवे के इस हिस्से में डिवाइडर के एंगल तोड़ कर आवाजाही के लिए अवैध कट बना दिए थे। इन स्थानों पर रात के समय बाइकों और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ने से हादसों का खतरा मंडरा रहा था। अवैध कट पर कई बाइक सवार अज्ञात वाहनों की टक्कर से घायल भी हो चुके हैं। इसे देखते हुए जागरूक लोग अवैध कट बंद करने की मांग कर रहे थे।
इस बारे में अमर उजाला में भी कई बार प्रमुखता से खबरें भी प्रकाशित हुईं। शिकायतें बढ़ने पर एनएचएआई की टीम ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर टूटे हुए एंगल ठीक कराकर कई जगह नए एंगल लगाए और सभी अवैध कट बंद करा दिए। एनएचएआई के अधिकारी लोकेंद्र कुमार के अनुसार अन्य स्थानों पर भी हाईवे के अवैध कट जल्द बंद करा दिए जाएंगे।