निगोही पुलिस की गिरफ्त में आरोपी संतोष। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। निगोही पुलिस ने मिलकिया गांव के बाहर एक जर्जर मकान में संचालित शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ कर शस्त्र बनाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बने व अधबने असलाह व उपकरणों को बरामद किया।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि शस्त्र फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिल रही थी। रविवार की रात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मिलकिया गांव के बाहर एक जर्जर मकान पर छापा मारा। गांव भटपुरा मिश्र गांव निवासी संतोष को तमंचा बनाते हुए गिरफ्तार किया। साथ ही उसके कब्जे से तीन तमंते 315 बोर, दो कारतूस, पांच खोखा कारतूस 315 बोर, दो तमंचे 12 बोर, तीन नाल 315 बोर की और तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए।
आरोपी संतोष ने पूछताछ में बताया कि वह भाई सोनू उर्फ सोनपाल व सुखपाल के साथ तमंचे बनाता है। भाई सुखपाल संभल और मुरादाबाद में इन शस्त्रों की आपूर्ति करता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि संतोष के साथ उसके भाई सोनू उर्फ सोनपाल व सुखपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सोनू उर्फ सोनपाल व सुखपाल की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।