खुटार। रविवार कर रात खुटार-बंडा रोड पर हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सभी के सिर में गंभीर चोटों की वजह से मौत होना आया है।
लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव बिलहरा निवासी राजीव के मामा खुटार के गांव राठ निवासी अमित की 17 मई को शादी थी। बरात बंडा के गांव किशनपुर पड़री गई थी। रात लगभग साढ़े बारह बजे राजीव अपने पारिवारिक भाई आकाश, शिवम और अंकित के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। खुटार में गांव नगरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर बाइक में लग जाने से चारों युवक घायल हो गए थे। चालक हेलमेट नहीं लगाए था। सीएचसी में आकाश को मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि शिवम और राजीव की लखीमपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अंकित का इलाज चल रहा है।
खुटार के थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आकाश की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके सिर पर गंभीर चोट के अलावा शरीर पर कुल नौ चोटें पाई गई हैं। सिर की चोट से मौत होने का अनुमान है। उधर, सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि हादसे के बाद सीएचसी लाए गए आकाश, अंकित, शिवम और राजीव के सिर में गंभीर चोटें थीं। शिवम और राजीव की मौत का कारण सिर की चोट हो सकती है। उधर अंकित के सिर मेें भी गंभीर चोट के कारण वह कोमा जैसी स्थिति में है।
-
पुलिस टीम जांच रही सीसीटीवी कैमरे
हादसा 17 मई की आधी रात के बाद हुआ था। बाइक में टक्कर मारने वाला चालक और वाहन लापता है। इस कारण थाना प्रभारी ने एक दरोगा और दो सिपाहियों को बाइक में टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए लगाया है। सोमवार को पुलिस ने खुटार-बंडा मार्ग पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस पता लगा रही है कि खुटार की ओर से आधी रात के बाद कौन-कौन वाहन बंडा की ओर गए हैं।
-
शिवम और राजीव की अर्थी उठी तो बिलख पड़े परिजन
पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों के शव 18 मई की शाम घर पहुंचे। परिजनों ने आकाश का अंतिम संस्कार रविवार शाम को ही कर दिया था। शिवम और राजीव के परिजनों ने सोमवार को अंतिम संस्कार करने की बात कही थी। सोमवार को शिवम और राजीव के शव की गांव के श्मशान में ले जाकर दोनों की चिताएं पास-पास बनाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव के लोगों ने बताया कि एक साथ तीन युवकों की जान चली जाने और एक की हालत गंभीर होने से गांव के तमाम लोग दुखी हैं और कई घरों में चूल्हे नहीं जले हैं। गांव के लोग आकाश, शिवम और राजीव के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
-
अंकित की हालत भी बिगड़ी
हादसे में गंभीर घायल अंकित को खुटार सीएचसी से लखीमपुर ले जाया गया था। लखीमपुर से उसे लखनऊ रेफर किया गया था। सोमवार को अंकित को लखनऊ से बरेली भेज दिया गया। अंकित के पिता रतनलाल ने बताया कि अंकित रविवार को थोड़ा बहुत बोल रहा था, लेकिन सोमवार को बोल भी नहीं रहा है।