शाहजहांपुर में बुधवार को कलक्ट्रेट में बेमियादी भूख हड़ताल बैठे पुजारी प्रमोद पांडेय और उनकी पत
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला रेती की नई बस्ती में देवस्थान की जमीन पर कब्जा कर कराए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग को लेकर वहां की देखभाल करने वाले पुजारी प्रमोद पांडेय और उनकी पत्नी रीना ने बुधवार से कलक्ट्रेट में बेमियादी भूख हड़ताल शुरू कर दी। दंपती को सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेजना चाहा, लेकिन उन्होंने ठोस कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल पर डटे रहने की बात दोहराई।
डीएम के नाम दिए ज्ञापन में प्रमोद पांडेय ने कहा है कि उनके घर के पास देवस्थान के नाम से एक भूखंड राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिस पर एकवर्ष पहले तक एक व्यक्ति वर्षों से कृषि कार्य कर फसलें लेता रहा। बाद में प्रशासन और पुलिस की मदद से देवस्थान की जमीन खाली कराकर उसे व्यवस्थित रूप देने का प्रयास किया। इसके तहत धर्मस्थल की चहारदीवारी बनवाकर वहां नल लगाने के लिए दिए ज्ञापन पर प्रशासन ने काम शुरू कराया, लेकिन मोहल्ले के कुछ लोगों की देवस्थान की जमीन पर नीयत खराब हो गई।
प्रमोद के अनुसार दूसरे पक्ष के लोगों ने देवस्थान की जमीन पर कब्जा कर वहां निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर उनका कहना है कि उन्होंने देवस्थान के लिए ट्रस्ट बना दिया है और वह सभी मारपीट पर आमादा हो उठे। सूचना देने पर थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया। इसी रंजिश मेें दूसरे पक्ष के लोगों ने फिर जान की धमकी दी और आज सुबह दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जानकारी पाकर थाना रामचंद्र मिशन के प्रभारी निरीक्षक राजित राम धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया, लेकिन दंपती का कहना है कि देवस्थान को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराने के बाद ही वह भूख हड़ताल खत्म करेंगे।