बहादुरगंज बाजार में तेज धूप से बचाव करते हुए जाते लोग। संवाद
शाहजहांपुर। सूरज की तपिश अब आग बरसाने लगी है। रविवार को रात में उमस से न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़कर 18.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। सोमवार को दिन चढ़ने के साथ तीखी धूप से लोग दिनभर गर्मी से बेहाल रहे। इससे अधिकतम तापमान भी 0.8 डिग्री बढ़कर 38.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विशेषज्ञ ने सोमवार से लू चलने की आशंका व्यक्त की है।
दो दिन पहले तक दिन में गर्मी के बावजूद रात का मौसम ठंडा बना रहा, लेकिन अब रात में भी गर्मी और उमस सताने लगी है। रविवार को आधी रात के बाद तक उमस से बेचैन लोग बिस्तरों पर करवट बदलते रहे। सोमवार को सुबह सूर्योदय के कुछ देर बाद तक वातावरण ठंडा रहा। बाद में जैसे-जैसे धूप में तेजी आई, वैसे-वैसे गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी।
दिन में 11 बजे के बाद इतनी गर्मी हो गई कि सड़कों से लेकर बाजारों तक चहल-पहल कम होने लगी। इस दौरान जरूरी कामों से बाहर निकले अधिकांश लोग सिर और चेहरे पर गमछा लपेटे दिखाई दिए। गन्ना शोध परिषद परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही हवा के कारण वातावरण में आर्द्रता घटकर 20 प्रतिशत रह गई है, जो कि सामान्य से कम है। इसीलिए मौसम शुष्क हो गया है और हवा भी गर्म होने लगी है।
उनका कहना है कि बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से 20 मिलीबार अधिक हो गया है। मंगलवार को सुबह से पुरवा हवा के गर्म थपेड़े चलने शुरू हो जाएंगे और शाम तक लू का असर बने रहने की संभावना है।