शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में जीवनदायिनी संगठन के तत्वावधान में 108, 102 और एएलएस एंबुलेंस कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने धरने में शामिल होकर कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया। कर्मचारियों ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को संबोधित ज्ञापन सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां को सौंपा।
धरना दे रहे कर्मचारियों की मांग है कि कंपनी बदलने पर कर्मचारियों को न बदला जाए। अनुभवी एंबुलेंस चालकों को रखा जाए। कोरोना योद्घा के रूप में काम करने वाले एंबुलेंस चालकों को ठेकेदारी से मुक्ति दी जाए। कोरोना काल मेें मरने वाले एंबुलेंस चालकों के आश्रितों के परिवार को 50 लाख और सहायता राशि सरकार की तरफ से जारी की जाए। कंपनी बदलने पर कर्मचारियों के वेतन से कटौती न की जाए। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि सपा सरकार ने एंबुलेंस चलवाकर गरीबों को रोजी-रोटी देने का काम किया था, लेकिन भाजपा सरकार गरीबों से रोजी रोटी छीनने का काम कर रही हैं। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सिकंदर खान, जिला महासचिव सुधीर कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार, जिला संगठन मंत्री अर्जुन सिंह, संरक्षक अर्जुन श्रीवास्तव आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।