चीन में लॉकडाउन के बाद चौथी लहर की आशंका के चलते शाहजहांपुर में सीएमओ ने अपनी मौजूदगी में राजकीय मेडिकल कॉलेज में मॉकड्रिल कराई। मरीज द्वारा 108 एंबुलेंस को सूचना देकर बुलाया गया। मरीज के आते ही उसे वार्ड में ले जाकर ऑक्सीजन लगाने के साथ ही दवाएं व वेंटीलेटर का प्रयोग किया गया।
कोरोना की चौथी लहर के चलते चीन में लॉकडाउन होने के बाद जनपद में स्वास्थ्य विभाग महामारी से निपटने के लिए तैयारियों में जुट गया है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इंतजामों को परखा। सीएमओ ने अपनी मौजूदगी में राजकीय मेडिकल कॉलेज में मॉकड्रिल कराई। मरीज द्वारा 108 एंबुलेंस को सूचना देकर बुलाया गया।
विज्ञापन
एंबुलेंस से मरीज के आते ही कर्मचारी स्ट्रेचर पर लिटाकर उसे तुरंत ही वार्ड में ले गए। बेड पर लिटाकर ऑक्सीजन लगाने के साथ ही दवाएं और वेंटीलेटर का प्रयोग भी किया गया। इसके बाद सीएमओ ने जलालाबाद सीएचसी पर मॉकड्रिल कराई। सीएमओ ने बताया कि ददरौल, मीरानपुर कटरा व खुटार सीएचसी पर भी पूर्वाभ्यास कराया गया। सभी जगहों पर कर्मचारियों ने पहले से बेहतर परिणाम दिए हैं। इस दौरान ऑक्सीजन प्लांट को चलाकर व्यवस्था को देखा गया।
जलालाबाद सीएचसी में भी कराई गई मॉक ड्रिल
कोरोना की चौथी लहर आने की आशंका के चलते सीएचसी पर मॉक ड्रिल के जरिये तैयारियां परखीं गईं। दोपहर करीब एक बजे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे कोरोना मरीज को पास में ही बनाये गए कोविड अस्पताल ले जाया गया। तत्काल ही ऑक्सीजन उपलब्ध कराने से लेकर उपचार व्यवस्था की रिहर्सल हुई। इस दौरान नोडल अधिकारी के रूप में सीएमओ डॉ. एसपी गौतम, एसीएमओ गोविंद स्वर्णकार, डॉ. प्रकाश गंगवार के अलावा चिकित्साधीक्षक डॉ. ओमेंद्र राठौड़ समेत स्टाफ के अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर सीएमओ ने अस्पताल परिसर में बने ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। जिसमें सभी व्यवस्थाएं दुरस्त पाईं गईं।