दिनोंदिन बदलते परिवेश में नए साल का धमाल बखूबी दिखाई दिया। स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं ने सहपाठियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को ग्रीटिंग, पेन, गुलाब के फूल देकर नए साल की बधाई दी। वहीं, बाजार में भी रौनक नजर आई। रेस्टोरेंटों में नामी-गिरामी संगठनों ने जश्न मनाकर एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और बाद में लजीज डिनर का आनंद लिया। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस की टीमें रातभर मोबाइल रहीं।
सदर बाजार स्थित एक होटल में लायंस क्लब एक्जीक्यूटिव की ओर से नए साल की पार्टी का आयोजन किया गया। पदाधिकारियों ने केक काटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और बाद में डीजे पर बज रहे फिल्मीं गीतों पर जमकर डांस किया। डांस फ्लोर पर महिलाओं और पुरुषों ने डांस कर खूब धमाल मचाया। होटल को गुब्बारों और बिजली की लाइटों से सजाया गया था। रात को 12 बजते ही सभी खुशी से उछल पड़े और बधाइयां देते हुए लजीज डिनर का आनंद लिया। इसी तरह अन्य होटलों और रेस्टोरेंटों में भी नए साल का धमाल देखने को मिला। इधर, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने प्रेसक्लब परिसर में मुशायरा और कवि सम्मेलन का आयोजन किया। इस मौके पर कवियों और शायरों ने हास्य रचनाएं सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। बाद में सभी ने नए साल की खुशी में डिनर का आनंद लिया और एकदूसरे के लिए मंगल कामनाएं कीं। संयोजक कमल सिंह ने आभार व्यक्त किया।
लीड कांवेंट में अवकाश के बावजूद नए साल का जश्न मनाया गया। जश्न में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक शिरकत की और एक-दूसरे को फूल और ग्रीटिंग कार्ड देकर नए साल का अभिनंदन किया। बाद में आतिशबाजी का आनंद भी लिया गया। नए साल के धमाल में स्कूल निदेशक मोहम्मद जमाल, प्रधानाचार्य तराना जमाल, साधना, रीमा, मोनिका, श्रीती, नीतू, शीबा, शाइंदा, आस्था, सायमा, आफरीन, सना, हुमा, मीनू, शालिनी, शुभी, फरहा, सबिहा, सुंबुल, नूरी, गुरप्रीत, तूलिका, रंजीता, शकील, कौशल, शाहनवाज, केशव आदि शामिल रहे। युवाओं ने नए साल के जश्न के लिए ढाबों और दूर-दराज क्षेत्रों में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया। खानपान का आनंद लेने के बाद जैसे ही रात के 12 बजे वैसे ही आतिशबाजी का प्रदर्शन चारों ओर शुरू हो गया। रास्ता चलते हुए लोगों ने चिल्लाकर हैप्पी न्यू ईयर कहकर खुशी का इजहार किया। इस बीच तमाम परिवारों ने रेस्टोरेंट में डिनर का आनंद दिया और घरों में भी खास प्रकार के व्यंजनों का आनंद लेकर टीवी पर प्रसारित होने वाले नए साल के कार्यक्रम देखकर लुत्फ उठाया।