फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर देर शाम हादसा
फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर रौली-बौरी गांव के पास शुक्रवार देर शाम बाइकों की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे युवक को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि साथी घायल हो गया।
कस्बा कलान निवासी 25 वर्षीय शिवम सिंह की जलालाबाद में बैटरी की दुकान है। शुक्रवार शाम 7.40 बजे वह कलान के ही अपने साथी 26 वर्षीय अंकित शर्मा के साथ बाइक से कोला मोड़ गया था। वहां से लौटते वक्त फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर रौली-बौरी गांव के पास शिवम की बाइक सामने से सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव चंपापुर निवासी नीरज की बाइक से टकरा गई। इससे शिवम सड़क पर गिर गया, तभी जलालाबाद की ओर से आए ट्रक का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी अंकित और दूसरी बाइक पर सवार नीरज भी घायल हो गया। नीरज को मामूली चोट लगी है। अंकित को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है।