हंसराम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
चांदपुर (शाहजहांपुंर)। खुटार थाना क्षेत्र के गांव नवदिया नवाजपुर निवासी हंसराम कश्यप (36 वर्ष) का बुधवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजस्थान में पत्नी लक्ष्मी देवी ने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी थी। बाद में ड्रम में शव को डालकर नमक डाल दिया था।
राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बॉस थाने की आदर्शनगर कॉलोनी में रहने वाले हंसराम भट्ठे पर मजदूरी करते थे। उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी रील बनाने की शौकीन थी और हंसराम एतराज करता था। वह पत्नी पर शक भी करता था।
शनिवार को हंसराम का शव मकान की छत पर नीले ड्रम में मिला था। पत्नी लक्ष्मी प्रेमी के संग मिलकर हंसराम की हत्या करने के बाद शव को छिपाकर भाग गई थी। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंगलवार की रात 11 बजे परिजन हंसराम के शव और उसके दो बच्चों को राजस्थान से लेकर अपने गांव नवदिया नवाजपुर पहुंचे। सुबह सात बजे गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दस वर्षीय बेटे हर्षिल ने पिता को मुखाग्नि दी। हंसराम के बेटा और बेटी दादा-दादी के साथ गांव आ गए हैं, जबकि छह माह की दुधमुहीं बच्ची मां लक्ष्मी के साथ जेल में है।
हंसराम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन