शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती बीमार पुत्रवधू को देखने आए मदनापुर के गांव बरुआ निवासी अशोक मिश्रा (50) रोडवेज बस की चपेट में आ गए। वह सड़क को पार कर रहे थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गल्ला व्यापारी अशोक मिश्रा के पुत्र सुमित की पत्नी काजल मिश्रा को प्रसव पीड़ा होने के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उसने बच्चे को जन्म दिया था। पुत्रवधू को देखने के लिए अशोक मिश्रा भी अस्पताल आए थे। रात करीब नौ बजे तिलहर स्थित दूसरे मकान पर जाने के लिए अस्पताल के गेट से बाहर निकले थे।
सड़क को पार करते समय शाहजहांपुर से बरेली की तरफ जा रही रोडवेज बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक बस को लेकर भाग गया। हादसे में अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने तुरंत ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वाहन चालक पर दर्ज हुई रिपोर्ट
बंडा। गत 19 अक्तूबर को बिलसंडा मार्ग पर वाहन से टकराकर सुभानपुर निवासी जगदीश की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी रामश्री की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार वाहन चालक का सुराग लगाया जा रहा है। संवाद
हादसे में घायल व्यक्ति की एक महीने बाद मौत
शाहजहांपुर। तिलहर के गांव जनयुरी निवासी महेश पाल (45) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिल्ली से वापस लाते समय उनकी मौत हो गई। 11 अक्तूबर को महेश पाल निगोही-तिलहर मार्ग पर किराने की दुकान के सामने खड़े थे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार से उन्हें चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने दिल्ली में भर्ती कराया। स्वास्थ्य लाभ नहीं होने पर डॉक्टर ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। सोमवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। संवाद
हादसे में घायल बालक की जान गई
अल्हागंज। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर ठिंगरी गांव के पास मंगलवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के दौरान हाईवे पार करते वक्त गांव के पंकज कुमार का आठ वर्षीय पुत्र साजन तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जलालाबाद सीएचसी पर ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा कर हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ओमप्रकाश के समझाने पर परिजन व ग्रामीण मान गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संवाद
फोटो 12
ट्रेन से कटकर मरने वाले युवक की पहचान अमन के रूप में हुई
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन और मोहनगंज रेलवे फाटक के बीच ट्रेन से कटकर मरने वाले युवक की पहचान अमन (27) के रूप में हुई। वह अपने ममेरे भाई से घर से लौट रहा था। पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। रविवार की रात करीब एक बजे अपलाइन पर युवक का शव पड़ा मिला था। परिजनों ने बताया कि अमन अपने ममेरे भाई राहुल से मिलने जाने की बात कहकर निकला था। वह अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी व एक साल के बेटे को छोड़ गया है। संवाद
अशोक मिश्रा का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन