शाहजहांपुर में मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के माध्यमिक विद्यालयों की मंडल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में किया गया। इसमें मंडल के सभी जिलों के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इसके बाद बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर की टीमों के बीच मैच खेले गए। इस दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वालीं खिलाड़ियों ने कहा कि हॉकी में अपनी मेधा का लोहा मनवाना चाहतीं हैं, बस प्रोत्साहन की जरूरत है। निर्णायक मंडल में रामकुमार, रत्नेश सिंह आदि शामिल रहे। वहीं दूसरी ओर इस्लामियां इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सीनियर वर्ग की आठ और जूनियर वर्ग की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल अनिल कुमार मालवीय, तसदीक खान, योगेंद्र सिंह, अब्दुल हलीम, इस्तियाक अली, नरेंद्र, नफीस खां, मुजीद खां, अफरोज आदि रहे।