शाहजहांपुर जिला जेल में बंद गैंगस्टर के मामले में आरोपी संजीव पारिया की मंगलवार रात मौत हो गई। परिजनों ने उसकी मौत के हालात पर संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गैंगस्टर के मामले में शाहजहांपुर जिला कारागार में बंद फर्रुखाबाद बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव पारिया की मंगलवार रात मौत हो गई। उसे बेचैनी महसूस होने पर जेल के अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शाहजहांपुर पहुंचे पारिया के परिजनों ने उसकी मौत के हालात पर संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली के प्रभारी हरिश्याम सिंह ने कैंट निवासी बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव पारिया, मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे, कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर पांचाल घाट निवासी शिव प्रताप उर्फ चीनू के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था। संजीव पारिया को नवंबर 2023 में फर्रुखाबाद जेल से शाहजहांपुर जिला कारागार लाया गया था।
जेल अधीक्षक मिजाजीलाल ने बताया कि मंगलवार को ही संजीव के परिजनों ने उससे मुलाकात की थी। रात में उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट हो जाएगा। अगर परिजन कोई आरोप लगाएंगे तो उसकी जांच कराई जाएगी। वहीं संजीव की मृत्यु की जानकारी होने पर परिजन शाहजहांपुर पहुंच गए हैं।