पुवायां। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने लखीमपुर खीरी के एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उस पर अश्लील हरकतें करने, मोबाइल नंबर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
महिला ने बताया कि 15 मई को लखीमपुर के थाना भीरा के गांव जगदेवपुर निवासी सुनील ने उसके पास कॉल की। सुनील ने उनके एक रिश्तेदार की तबीयत खराब होने की बात कहकर साथ में देखने के लिए चलने को कहा। वह सुनील के झांसे में आकर उसकी कार में बैठ कर चली गई। सुनील उनको कहीं और ले गया और पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा और अश्लील हरकतें कर वीडियो बना ली। पांचवें दिन सुनील ने उनको छोड़ दिया। धमकी दी कि कहीं शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर देगा। वह डर के कारण चुप बैठी रही।
सुनील ने 14 जून को उनका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर डाल दिया, तब से उनके पास तमाम लोगों की कॉल आ रली हैं। कॉल पर लोग गलत तरीके की बातें कर रहे हैं। सुनील ने उनका फोटो लगाकर एक आईडी भी बनाई और अश्लील वीडियो डाल रखा है। इससे उनकी छवि खराब हो रही है।
बताया कि सुनील ने उनको व उनके पति को गाली गलौज करते हुए कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने सुनील के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।