मीरानपुर कटरा। पशु चिकित्सालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हशमत अली की मौत की वजह पाेस्टमाॅर्टम से स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने उनका विसरा जांच के लिए बरेली प्रयोगशाला भेजा है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय हाेगी।
मोहल्ला आतिशबाजान निवासी हशमत अली गत 16 फरवरी को सुबह नौ बजे घर से ड्यूटी पर निकले थे। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेश गौड़ के मुताबिक हशमत ने दिन में ड्यूटी की और शाम को अस्पताल बंद होने पर अपने घर चले गए, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे।
खोजबीन से भी कुछ पता नहीं लगने पर पुलिस ने 19 फरवरी को पत्नी नाजिश की तहरीर पर उनकी गुमशुदगी दर्ज की। बृहस्पतिवार को दसवें दिन सिउरा मोड़ के सामने हाईवे के किनारे कचरे के ढेर पर मिले सड़े-गले शव की पहचान घरवालों ने हशमत अली के तौर पर की।
पोस्टमार्टम में शव का एक हाथ और एक पैर नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह सेंगर के अनुसार हशमत की पत्नी और भाई अजमत अली ने उनकी किसी से कोई रंजिश होने से इन्कार किया है। विसरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।