शाहजहांपुर। ड्यूटी का समय पूरा होने पर मालगाड़ी स्टेशन पर खड़ी कर चालक अपने घर चला गया। एक नंबर प्लेटफॉर्म पर मालगाड़ी खड़ी होने पर दो नंबर लाइन से ट्रेनों को निकाला गया। शनिवार रात 12 बजे एक मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर एक पर आकर खड़ी हो गई। काफी देर तक मालगाड़ी को आगे जाने का सिग्नल नहीं दिया गया। इस बीच मालगाड़ी के चालक की ड्यूटी का समय पूरा हो गया।
चालक ने इसकी जानकारी कंट्रोल को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई दूसरा चालक मालगाड़ी को आगे ले जाने के लिए नहीं आया। इस पर चालक मालगाड़ी को एक नंबर लाइन पर खड़ी छोड़कर चला गया। रात के समय कई ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक पर आकर रुकती हैं, लेकिन पहले से ही मालगाड़ी खड़ी होने की वजह से उन्हें दो नंबर लाइन से गुजरा गया।
इससे जहां एक नंबर लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, वहीं यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह रविवार 7:30 रोजा से दूसरा चालक आया, जोकि मालगाड़ी को लेकर आगे के लिए रवाना हुआ। तब जाकर एक नंबर लाइन क्लीयर हो सकी। स्टेशन अधीक्षक एके गौतम ने बताया कि मालगाड़ी के चालक की ड्यूटी का समय पूरा होने पर वह घर चला गया होगा। इससे अन्य ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा, एक नंबर लाइन पर आने वाली गाड़ियों को दो नंबर प्लेटफार्म से गुजारा गया।