फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फोरलेन बनने से शाहजहांपुर से पलिया तक सफर होगा आसान

विज्ञापन
शाहजहांपुर-पुवायां हाईवे। - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर/पुवायां। पलिया-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के शाहजहांपुर से पलिया तक फोरलेन होने से हाईवे का 90 किमी हिस्से का सफर आसान हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने फोरलेन बनाने के लिए 529 करोड़ रुपये बजट स्वीकृत किया है। इससे पेव्ड शोल्डर के साथ दो लेन (दस मीटर चौड़ा) बनाकर फोरलेन किया जाएगा। जनपद में आने वाले हिस्से में फिलहाल गड्ढों की भरमार है।
विज्ञापन

लखनऊ से हरदोई-शाहजहांपुर होते हुए पलिया तक नेशनल हाईवे-731 घोषित है। इसका पहला भाग शाहजहांपुर तक बन चुका है। अब शाहजहांपुर के पैना बिजली केंद्र के पास बाईपास से पलिया तक लगभग 90 किमी हाईवे बनना है। अब पहले चरण में शाहजहांपुर से खुटार तक लगभग 48.75 किमी हाईवे बनाया जाना है। दूसरे चरण में खुटार से पलिया तक फोरलेन का काम होगा। फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है। हाईवे को पेव्ड शोल्डर के साथ दस मीटर चौड़ा करने से क्षेत्र के लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे 35 किमी आगे चलकर गौरीफंटा पहुंचता है। गौरीफंटा के बाद नेपाल की सीमा शुरू हो जाती है। इसी हाईवे से पलिया के आगे चंदनचौकी बॉर्डर तक जाया जा सकता है। प्रसिद्ध दुधवा नेशनल पार्क भी पलिया के पास है। हाईवे बनने के बाद पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिलेगा।
विज्ञापन

भैंसी नदी पुल बनने से खत्म होगी समस्या
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां-खुटार के बीच भैंसी नदी पर लकड़ी के पटलों से बना पुल बेहद जर्जर है और इस पर भारी वाहनों के निकलने पर रोक है। हाईवे के चौड़ा होने के साथ ही भैंसी नदी पर पुल भी बनेगा, जिससे जर्जर पुल की समस्या से भी निजात मिलेगी।
वाइल्ड लाइफ से स्वीकृति मिलने में समस्या
हाईवे के निर्माण में खुटार के आगे मैलानी, भीरा के बीच जंगल है, जो किशनपुर सेंचुरी का हिस्सा है। इस कारण वाइल्ड लाइफ से पेड़ कटान आदि की अनुमति मिलने में देरी हो सकती है। इस कारण अभी फोरलेन को मैलानी रोड पर शाहजहांपुर जिले की सीमा कठिना नदी के पुल के पास प्रसादपुर तक ही बनाया जाएगा।
हरदोई बाईपास चौराहे से सरायकाइयां तक अतिक्रमण
इसी हाईवे पर हरदोई बाईपास चौराहे से सरायकाइयां तक शहर के अंदर आने वाले करीब ढाई किमी हिस्से को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत फोरलेन बनाने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग गत अप्रैल के पहले सप्ताह में शासन को भेज चुका है। हरदोई चौराहे से शहर की ओर बढ़ते ही थाना रामचंद्र मिशन की चहारदीवारी नई लेन के दायरे में आ रही है। भावलखेड़ा ब्लॉक कार्यालय के सामने फुटपाथ पर रखा 400 केवी का ट्रांसफार्मर हटेगा। सरायकाइयां की ओर छोटी ईदगाह और सड़क के दूसरी ओर एक आटा मिल की चहारदीवारी नई लेन बनाने में रुकावट डाल सकती है। यही नहीं, सरायकाइयां पुलिस चौकी के बगल में फुटपाथ पर रखा ट्रांसफार्मर भी हटाना होगा।
फोरलेन बनाने का काम एनएचएआई को अपने स्तर से कराना है। शासन के निर्देश पर इसी हाईवे के हरदोई बाईपास चौराहे से सरायकाइयां तक ढाई किमी हिस्से को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव विभाग ने अपनी-अपनी ओर से दिया था। अभी विभागीय प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है। अगर एनएचएआई अपनी परियोजना पर काम शुरू कराएगा तो भी हाईवे की दशा में जल्द सुधार हो जाएगा। -राजकुमार पिथौरिया, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें