पुवायां: छात्राओं ने कोचिंग जाना छोड़ा
पुवायां क्षेत्र में छात्र ने छात्राओं को रोककर उनसे अभद्रता की। गाली-गलौज कर अश्लील शब्द कहे। इससे डरी छात्राओं ने कोचिंग जाना छोड़ दिया। उधर दूसरे पक्ष ने भी छात्राओं के परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पुवायां क्षेत्र के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री और भतीजी गांव में ही कोचिंग के लिए जाती हैं। एक छात्र ने दोनों को रास्ते में रोक लिया और अश्लील बातें करने लगा। मना करने पर गाली-गलौज कर धमकी दी। छात्राओं ने शिक्षक को बताया तो उसने आरोपी छात्र को कोचिंग से भगा दिया।
यह भी पढ़ें- UP: माथे पर तिलक... हाथ से रिस रहा था खून, मुंह और कान में भर गई थी मिट्टी; 20 दिन की बच्ची को जिंदा दफनाया
आरोप है कि इससे नाराज छात्र ने कोचिंग से घर जा रही पुत्री और भतीजी को रास्ते में रोक लिया और धमकी दी। भतीजी को आरोपी ने धक्का देकर गिरा भी दिया, जिससे उसे चोट भी आई। जानकारी मिलने पर वह आरोपी के घर शिकायत करने गए तो उसके परिजनों ने भी गाली-गलौज कर धमकी दी।
पुलिस के रिपोर्ट दर्ज नहीं करने से परेशान पुत्री और भतीजी ने कोचिंग जाने से मना कर दिया। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर आई हैं। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।