शाहजहांपुर। धान खरीद के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। चार बी-पैक्स की समितियों के क्रय केंद्र और बढ़ गए हैं। ऐसे में जनपद में अब 153 क्रय केंद्र हो गए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने बताया कि सदर तहसील में जमुका और पैना बुजुर्ग नियामपुर में, तिलहर में राजनपुर समिति भवन, निगोही में कुदिरना बी-पैक्स क्रय नए केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि धान खरीद चार अक्तूबर से शुरू होगी।
क्रय केंद्र प्रभारियों की नियुक्ति का कार्य लगभग पूरा हो चुका हैं। केंद्रों के जियो टैगिंग की प्रक्रिया पूरी हो गई है। केंद्र प्रभारियों को उपकरण व बारदाना आदि का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 800 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। उन्होंने कहा कि किसान अपना पंजीकरण जल्द से जल्द कराएं। जिससे सत्यापन कार्य किया जा सके।