पुवायां इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जेपी मौर्या। स्रोत स्वयं
पुवायां। बारहवीं के भौतिक विज्ञान की परीक्षा में सूत्र और थ्योरी को लिखें और याद करें, इससे अच्छे नंबर लाए जा सकते हैं। अध्याय एक, चार, नौ और दस अति महत्वपूर्ण हैं। इन पर अधिक फोकस करें।
पुवायां इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जेपी मौर्या ने 12वीं के छात्र-छात्राओं को भौतिक विज्ञान में सफलता के सुझाव देते हुए बताया कि सूत्रों को एक साथ लिख लें और लिखकर ही याद करें। कम से कम तीन सूत्र पूछे जाएंगे। इसके अलावा सूत्र आंकिक प्रश्नों को हल करने में सहायक होंगे। महत्वपूर्ण थ्योरी के विस्तृत प्रश्न जो लगभग 60 हैं, सभी लिखकर याद कर लें, जिनके चित्रों की बार-बार अभ्यास भी करें।
आंकिक प्रश्नों को हल करते समय मात्रकों का ध्यान रखें। आंकिक प्रश्न के उत्तर को और सूत्र के डेरीवेशन के परिणाम को हाईलाइटर से हाईलाइट जरूर करें। उन्होंने बताया कि अध्याय एक से चार, छह से 12 और 14 महत्वपूर्ण हैं। इन पर ज्यादा फोकस करें, बचे हुए समय में अध्याय पांच, आठ और 13 को फोकस करें। अध्याय एक, चार, नौ और 10 सबसे महत्वपूर्ण हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि परिभाषाओं को भी लिखकर याद करें, मात्रक भूल जाने पर सूत्र से निकलना सीखें। किसी प्रश्न के खंडों को हल करते समय उनको मूल प्रश्न नंबर के साथ ही लिखें। बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय और लघु उत्तरीय प्रश्नों को हल करते समय हर उत्तर के बीच कम से कम तीन लाइन का अंतर अवश्य रखें और सभी प्रश्नों को क्रम से ही हल करें। कॉपी के अंतिम पेज को रफ बना लें और बाद में उसे काट दें। हर पेज पर कॉपी का सीरियल नंबर लिखें और अपना अनुक्रमांक भी लिखें, लाल या हरे रंग की स्याही वाले पेन का प्रयोग ना करें।