शाहजहांपुर। कोहरे में भीगकर बिजली की लाइनों के इंसुलेटर पंक्चर होने से सिटी पार्क उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। फॉल्ट के चलते साढ़े आठ घंटे तक आपूर्ति ठप रही। बिजली जाने से पानी का संकट खड़ा हो गया। देहात क्षेत्र में भी फॉल्ट की वजह से बिजली बंद रहने से लोग परेशान रहे।
सिटी पार्क उपकेंद्र से करीब तीन हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। मंगलवार को साढ़े चार बजे 33 केवीए लाइन ट्रिप होने से लोधीपुर, सिटी पार्क समेत कई इलाकाें की बिजली बंद हो गई। बिजली जाने से हीटर और ब्लोअर ठप हो गए। बिजली गुल होने से मोटर व सबमर्सिबल नहीं चलने से पानी की टंकी खाली रह गईं।
इधर, जेई राजेश कुमार के नेतृत्व में लाइन पर गश्त शुरू की गई। कोहरा अधिक होने के कारण फाॅल्ट तलाश करना मुश्किल हो गया। इस बीच बंका घाट और मोहम्मदी पुल के पास इंसुलेटर पंक्चर मिला। फॉल्ट को दोपहर साढ़े 12 बजे ठीक कर आपूर्ति को बहाल किया। बिजली जाने से लोगों को काफी परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
ट्रांसफॉर्मर का तेल चोरी कर पार्ट्स ले गए, बिजली गुल
रोजा के सल्लिया गांव में ट्रांसफॉर्मर का तेल और पार्ट्स चोर चोरी कर ले गए। इसके चलते करीब पांच सौ घरों की आपूर्ति बाधित हो गई। जेई ने संज्ञान लेते हुए दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगवाकर आपूर्ति को बहाल करा दिया है।
अटसलिया उपकेंद्र के सल्लिया गांव में 250 केवीए का ट्रांसफॉर्मर रखा है। रविवार की रात साढ़े 12 बजे चोरों ने ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर उसका तेल निकाल लिया, साथ ही कॉपर का अंदर के पार्ट्स भी चोरी कर ले गए। इसके चलते गांव की आपूर्ति बाधित हो गई। जानकारी में आने पर जेई संजीव शर्मा तुरंत अपनी टीम के साथ पहुंचे और दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगवाने का प्रयास शुरू किए। मंगलवार की शाम को दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगवाकर आपूर्ति को बहाल कर दिया। चोरों ने निगम को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया है। मामले में बिजली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं रोजा थाने में जेई ने तहरीर दी है।
केबल बॉक्स में लगी आग, चार घंटे गुल रही बिजली
मीरानपुर कटरा। विद्युत उपकेंद्र केबल बॉक्स के तारों में आग लगने से मोहल्ला इस्लामनगर फीडर की बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे तक ठप रही है। रेलवे स्टेशन मार्ग पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज के पास स्थित मोहल्ला इस्लामनगर के केबल बॉक्स के तारों में स्पार्किंग होते ही सुबह चार बजे आग लग गई। इस कारण मोहल्ला इस्लामनगर फीडर की विद्युत आपूर्ति को बंद करा दी गई। केबल बॉक्स की वायरिंग को सही करने का कार्य किया। करीब 11 बजे आपूर्ति को बहाल किया गया। एसडीओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि फाॅल्ट आने के बाद आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।