सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक में बोलते उत्तर प्रदेश को-आपरेटिव यूनियन पीसीयू चेयरमैन सुरेश गंगवार।
शाहजहांपुर। भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक रविवार को एनटीआई सभागार में हुई। इसमें उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव यूनियन पीसीयू चेयरमैन सुरेश गंगवार ने अभियान को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाने पर जोर दिया, जिससे पार्टी की पहुंच समाज के सभी वर्गों तक हो सके।
कहा कि सभी सहकारिता पदाधिकारी व सहकारी बंधु 2027 का लक्ष्य लेकर चलें और प्रथम चरण में 25 सितंबर तक दिए गए 25 हजार के लक्ष्य को पूरा करें। जनपद सहकारिता की सदस्यता में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था, इसलिए भाजपा की सदस्यता में भी पहले स्थान पर रहने का प्रयास करें। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष व सदस्यता अभियान के संयोजक डीपीएस राठौर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता महज एक संख्या नहीं है, बल्कि विचारधारा का वाहक और भारतीय संस्कृति का पोषक है।
जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा ने कहा कि कोई भी सदस्यता अभियान से अछूता नहीं रहना चाहिए। हर आयु वर्ग के व्यक्ति को भाजपा से जोड़ना है। इस मौके पर जिला प्रवासी हरिओम पाराशरी, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायन मिश्र, डीसीबी उपाध्यक्ष अजय प्रजापति, डीएफडीएफ सभापति रमाकांत मिश्रा, केंद्रीय उपभोक्ता फोरम सभापति मुकेश राठौर, विनय शर्मा, छोटे लल्लू सिंह चौहान, अंशुमान सिंह मैसी मौजूद रहे।