कलान में ईंट भट्ठे के चैंबर को बुझाते अधिकारी। स्रोत: सूचना विभाग
कलान। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने रविवार को क्षेत्र के गांवों में संचालित कई ईंट-भट्ठों की जांच की। उन्होंने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए बिना चलाए जा रहे पांच ईंट-भट्ठे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिए। एसडीएम अभिषेक कुमार को संबंधित संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एडीएम ने बताया कि प्रशासन को ऐसी शिकायतें मिली थीं कि कलान क्षेत्र में कुछ ईंट-भट्ठे मिट्टी की रॉयल्टी जमा किए बगैर अनुमति के चलाए जा रहे हैं। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर लक्ष्मणपुर गांव के जय सियाराम ईंट-भट्ठा उद्योग, मलेवा गांव के माया ईंट उद्योग, जखिया गांव के महादेव ईंट उद्योग, बाराकलां के सिद्धि विनायक ईंट उद्योग और पृथ्वीपुर ढाई के केदारनाथ ईंट उद्योग की गहन जांच की गई। इन सभी भट्ठों के संचालक रॉयल्टी के कागजात, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अनापत्ति प्रमाणपत्र, जीएसटी अदायगी आदि से जुड़े कागजात उपलब्ध नहीं करा सके।
एडीएम के अनुसार, इससे यही माना गया कि यह सभी ईंट-भट्ठे अवैध तरीके से चलाए जा रहे हैं। इसीलिए इन सभी के चैंबर बंद कराकर ईंट के निर्माण पर रोक लगा दी गई है। मांगे गए कागजात उपलब्ध कराए बगैर बंद किए गए भट्ठे चालू हालत में मिले तो संबंधित संचालकों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम और जिला खनन अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।