ओसीएफ इस्टेट मैदान में पटाखों की बिक्री के लिए अस्थाई दुकान लगाते लोग। संवाद
शाहजहांपुर। दीपावली के मद्देनजर ओसीएफ रामलीला मैदान पर पटाखों की दुकानें सजने लगीं हैं। शनिवार से दुकानों पर पटाखों की बिक्री शुरू हो जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में अस्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए 129 आवेदन आए हैं। एनओसी के बाद इनके लाइसेंस जारी किए जाएंगे। 100 से 110 दुकानें लगने की संभावना है।
प्रशासन की ओर से ओसीएफ मैदान पर हर वर्ष की तरह इस बार भी पटाखा बाजार लगाया जा रहा है। दुकानों की नापजोख करने के लिए चूना डाल दिया गया है। दुकानदारों ने मानक के अनुसार दुकानें बनाना शुरू कर दीं हैं। बाजार में सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अग्निशमन और प्रशासन की देखरेख में दुकानों को बनाया जा रहा है।
दुकानों के बीच में दूरी रखी जा रही है। सभी दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, पास में पानी का ड्रम और रेत से भरी बाल्टियां रखना अनिवार्य किया गया है। शार्ट सर्किट से बचाव के लिए पीवीसी केबल लगवाए जा रहे हैं।
ओसीएफ मैदान पर पिछले वर्ष की तरह मानकों के अनुरूप पटाखा बाजार लगाया जाएगा। अस्थायी लाइसेंस के लिए कुल 129 आवेदन हैं। देर शाम तक रिपोर्ट आने पर लाइसेंस जारी कर दिए जाएंगे।
- प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट