जलालाबाद। लेनदेन में भाजपा पिछड़ा वर्ग के नगर अध्यक्ष सुबोध सक्सेना से हुई मारपीट और लाइसेंसी पिस्टल से धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी चार भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला गोपालनगर निवासी सुबोध ने पुलिस को बताया कि गत वर्ष मोहल्ला बृह्मनान के धर्मेंद्र कटियार के साथ साझेदारी में देशी शराब का ठेका लिया था। धर्मेंद्र पर उनके 4.11 लाख रुपये बकाया थे, लेकिन वह रकम देने में आनाकानी कर रहे थे। बीती चार सितंबर को रात में बकाया रकम मांगने धर्मेंद्र के घर गए।
तकाजा करने से नाराज धर्मेंद्र गालीगलौज करने लगा। यह देखकर वह बाहर निकल आए। पीछे से धर्मेंद्र, उनके भाई जितेंद्र, टिंकू व नन्हे लल्ला के अलावा उनके भतीजे नीतेश कटियार ने सदर बाजार मार्ग पर उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान धर्मेंद्र ने उन्हें लाइसेंसी पिस्टल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद