मोहनगंज में ग्रीन रोड के किनारे फिर बनने लगे तोड़े गए मकानों के छज्जे। संवाद
शाहजहांपुर। मोहनगंज में सीएम ग्रिड योजना के तहत ग्रीन रोड का निर्माण चल रहा है। निगम की ओर से करीब एक सप्ताह पहले पहला नोटिस जारी किया गया था लेकिन लोगों ने छज्जा नहीं हटाया। बुधवार को 15 भवनों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए गए हैं। तीन दिन में खुद छज्जा नहीं हटाने पर नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
शहीद अहमद उल्ला पार्क से तेल टंकी तिराहा तक ग्रीन रोड का निर्माण कराने से पहले अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर निगम को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। काफी मुश्किलों के बाद अतिक्रमण हटाया जा सका था। ग्रीन रोड निर्माण के अंतिम चरण में है। ग्रीन रोड के सुंदरीकरण के लिए फैंसी लाइट लगाई गई है।
इधर लोगों ने फिर से अपने छज्जों का निर्माण शुरू कर दिया है। इसकी वजह से लाइटें छुपने लगी हैं। छज्जे हटाने के लिए बुधवार को अंतिम नोटिस जारी हो गया है। तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद नगर निगम की ओर से छज्जों को गिराने की कार्रवाई की जाएगी। इसमें आने वाला खर्च भवन स्वामी से लिया जाएगा।
ग्रीन रोड पर छज्जा हटाने वालों को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद नगर निगम छज्जा हटाने की कार्रवाई करेगा।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त