तिलहर। थाना क्षेत्र के गांव बाबूपुर खुर्द ऊर्फ नगरिया में प्रधानी के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गांव निवासी दुर्विजय सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 29 अक्तूबर को अपने चाचा हरिसरन के मकान के पास पुत्र अनुज कुमार और भतीजे अंकित के साथ खड़ा था। इसी दौरान गांव के जितेंद्र, नरेंद्र, चंद्र प्रकाश, हरीश, मनोज और उमेश लाठी-डंडे लेकर आए और गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अनुज और अंकित पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
वहीं, दूसरे पक्ष के जितेंद्र सिंह ने गांव के अनुज, अंकित, अमित, हरिओम और दिग्विजय के खिलाफ तहरीर दी। उसने आरोप लगाया कि उन लोगों ने गाली-गलौज कर मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उसके भाई चंद्र प्रकाश और भतीजे प्रियांशु को भी पीटा गया। डंडा लगने से चंद्र प्रकाश का सिर फट गया। बताया जाता है कि दोनों पक्षों में प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।