फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: मौसम के तेवर से सहमे किसान... आलू ने रुलाया अब गेहूं तो बचा लो भगवान

Sun, 19 Mar 2023 12:28 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
शाहजहांपुर में शनिवार की सुबह बूंदाबांदी के दौरान छाता लगा कर तारीन टिकली से जाती महिला । संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित मौसम के तीखे तेवर शनिवार सुबह से दिखने लगे। बीती शाम बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवा चली तो रात मेें न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री घटकर 15.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे सुबह खासी सर्दी बनी रही। हालांकि, सुबह धूप निकलने के आसार बने, लेकिन दो घंटे बाद फिर बारिश होने लगी। आधा घंटे के दौरान चार मिमी बारिश से शहर में कई जगह सड़कों पर फिसलन पैदा हो गई।
विज्ञापन

अधिकतम तापमान भी दो डिग्री घटकर 25 डिग्री सेल्सियस हो गया। बारिश के दौरान तेज हवा चलने से ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह गेहूं, सरसों, मसूर आदि की फसलें भीग जाने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। आलू की फसल में लागत भी न निकल पाने से दुखी किसान अब गेहूं की फसल पर संकट के बादल छाने से दुखी हैं।
बारिश के आसार दो दिन से बने थे, लेकिन बीते दिन मामूली बूंदाबांदी के बाद धूप निकल आई थी। रात से मौसम ने फिर करवट लेनी शुरू कर दी। सुबह लोग बिस्तर छोड़कर बाहर निकले तो सर्द मौसम शरीर में सिहरन पैदा करने लगा। सूर्योदय के बाद पश्चिम से उठी काली घटाओं ने कुछ ही देर में आसमान घेर लिया। इस दौरान हवा ने रफ्तार पकड़ी तो बादल छंटने के आसार बने, लेकिन दिन में नौ बजे से घने बादलों ने तेज गरज के साथ बरसना शुरू कर दिया। इससे वातावरण में आर्द्रता बढ़ी और ठंडी हवा ने सर्दी बढ़ाई।
विज्ञापन

दिन में 11 बजे बरसात थम गई, लेकिन हल्की फुहारें गिरती रहीं। तारीन टिकली में मल्हार मोड़ तिराहा और उससे आगे बहादुरगंज पचराहा मोड़ तक कई जगह सड़क का आधा हिस्सा पानी से घिर गया। बहादुरगंज में सब्जी मंडी के पास, खलीलशर्की में अंबा सिनेमा वाली गली में सहारा दफ्तर के पास, कनौजिया तिराहा, बहादुरगंज गल्ला मंडी आदि स्थानों पर सड़कें पानी से घिर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों के आसपास लगे मिट्टी के ढेर कीचड़ में बदले तो वहां दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर फिसलने लगे।
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार सुबह से शाम तक बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से औसतन 12 अंक कम बना रहा। उनका कहना है कि वायुदाब में गिरावट को देखते देर रात से लेकर रविवार को दोपहर तक बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी।
जैतीपुर और खुदागंज में फसलों को हुआ ज्यादा नुकसान
बारिश से जैतीपुर और खुदागंज क्षेत्र में गेहूं, सरसों, मसूर आदि फसलों को काफी क्षति हुई है। हालांकि, सुबह हवा की गति सीमित रहने से यह सभी फसलें गिरने से बच गईं, लेकिन उनमें आई नमी सूखने में कम से कम दो दिन लग सकते हैं। जैतीपुर क्षेत्र के गांव खेड़ा बझेड़ा में प्रेमपाल कश्यप ने बीते दिन खेत में खड़ी सरसों की फसल कटवाई थी। उसके पूले (गट्ठर) खेत से उठकर घर लाने से पहले ही बारिश में भीग गए। उधर, खुदागंज क्षेत्र कई गांवों में बोई गई सरसों भी खराब हो जाने की आशंका है। क्षेत्र के गांव म्युना निवासी आलोक सिंह, गांव रामपुर नवदिया के नरेश सक्सेना आदि किसानों ने बताया कि सरसों की फसल खेतों में ही साफ करने के लिए रखी, लेकिन वह भीग गई है। किसानों को चिंता है कि अगर जल्द मौसम सामान्य नहीं हुआ तो धूप की कमी से भीगी फसलों के सड़ने की आशंका बढ़ जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी एवं वरिष्ठ शस्य वैज्ञानिक डॉ. एनसी त्रिपाठी के अनुसार बारिश जारी रही तो खेतों में खुदने से बाकी बची आलू की फसल को भी क्षति होगी।

शाहजहांपुर में शनिवार की सुबह बूंदाबांदी के दौरान छाता लगा कर तारीन टिकली से जाती महिला । संवाद

शाहजहांपुर में शनिवार की सुबह बूंदाबांदी के दौरान छाता लगा कर तारीन टिकली से जाती महिला । संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें