खुटार। पांच वर्ष से जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। किसान शनिवार को विधायक चेतराम से मिलकर नाला बनवाने की मांग करेंगे। किसानों ने कहा कि समस्या का निदान नहीं हाेने पर आंदोलन किया जाएगा।
खुटार नगर पंचायत से सटे गांव रसवां कलां की लगभग 60 बीघा जमीन में खुटार के कई मोहल्लों के घरों से निकला पानी भर रहा है। गंदे पानी के कारण खेतों में खड़ी फसल सूखकर नष्ट हो जाती है।
किसान रामलड़ैते तिवारी, श्यामाकांत गुप्ता आदि ने बताया कि कई वर्ष से हो रहे नुकसान से वे लोग आजिज आ चुके हैं। किसान शनिवार को विधायक चेतराम से उनके कैंप कार्यालय पुवायां के गांव चौढ़ेरा में आकर मिलेंगे और समस्या का समाधान कराने की मांग करेंगे।
पानी का निकास बंद करने से हो रही समस्या
मोहल्लों का पानी रसवां कलां क्षेत्र के तालाबों से होता हुआ बाहर के बड़े तालाबों में चला जाता था, जिससे जलभराव नहीं होता था। अब गोला बाइपास रोड के किनारे तमाम मकान और दुकानें बन गईं हैं। मकान और दुकान बनाने वालों ने पानी का निकास बंद कर दिया है। इससे पानी दूसरे तालाबों में न जाकर खेतों में भर रहा है।
विधायक को समस्या से अवगत कराया है। विधायक ने कहा कि किसान एक प्रार्थनापत्र दे दें, जिसे अधिकारियों को देकर नाली बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराई जा सके। शनिवार को प्रार्थनापत्र दिया जाएगा।
- श्यामाकांत गुप्ता, खुटार
पांच साल से लगातार नुकसान उठा रहे हैं। भारी जलभराव के कारण फसल की बोआई नहीं हो पाती है। कभी बोआई हो जाए तो गंदे पानी के कारण फसल सूख जाती है। अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं, अब आंदोलन ही विकल्प है।
- रामलड़ैते तिवारी, खुटार
मामले की जानकारी मिली है। किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत के ईओ से भी बात की जाएगी।
-चेतराम, विधायक पुवायां