नन्हेंलाल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जैतीपुर। सांप के डसने से गढि़यारंगीन कस्बा निवासी 33 वर्षीय नन्हेलाल की मौत हो गई। परिजन पहले उनकी झाड़फूंक कराते रहे। बाद में हालत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर पहुंचे। नन्हेलाल की मौत से उनके उनके परिवार में कोहराम मच हुआ है।
परिजनों के अनुसार, नन्हेलाल मंगलवार रात करीब आठ बजे खेत से घर लौट रहे थे। घर के पास ही उनके पैर में सांप ने डस लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। इस दौरान कस्बे के एक युवक ने सांप को पकड़कर बोतल में बंद कर दिया। परिजन पहले नन्हेलाल को झाड़-फूंक कराने पड़ोसी गांव ले गए, लेकिन वहां कोई फायदा न होने पर परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टर को सांप दिखाया तो उसने कहा कि यह कोबरा है और इसके काटने के आधे घंटे के अंदर इलाज मिलना जरूरी है। वहां भी तबीयत में कोई सुधार न होने पर परिजन उन्हें लेकर यहां राजकीय मेडिकल कॉलेज आए। बृहस्पतिवार सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
नन्हेलाल की मौत के बाद परिजनों ने बोतल में बंद सांप को जंगल में छोड़ दिया। नन्हेलाल की मौत से उनकी पत्नी अनीता व बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।