शाहजहांपुर। रोडवेज बस अड्डे के नजदीक रेलवे की जमीन पर ईवी चार्जिंग स्टेशन को शुरू कराने की तैयारी पूरी कर ली गई। संभावना है कि 20 अप्रैल को मुरादाबाद मंडल के डीआरएम आकर उद्धाटन करेंगे। चार्जिंग स्टेशन बनने से वाहनों को सुविधा मिलेगी।
एससीएसटी कार्यालय के पास रेलवे ने चार लाख 80 हजार रुपये में ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए पांच साल का ठेका दिया है। इसकी कागजी कार्रवाई पूर्ण होने के बाद सफाई कराकर बोर्ड भी लगा दिया। रेल अधिकारियों की मानें तो एक बार में आठ वाहनों को चार्जिंग करने की व्यवस्था रहेगी। छह घंटे में वाहन चार्ज हो सकेंगे। बाइक, ई-रिक्शा, कार, स्कूटी आदि के लिए अलग-अलग सेट बनाए गए हैं। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि वाहनों की चार्जिंग के लिए रेट लिस्ट जल्द ही जारी की जाएगी।