शाहजहांपुर। चुनाव के दौर में हर कोई अपने हित में काम करने वाले प्रत्याशी और सरकार को चाहते हैं। युवाओं की भी आस है कि आने वाली सरकार समान शिक्षा और रोजगार देने वाली होनी चाहिए। युवाओं ने कहा कि वे उसे वोट देंगे जो उनके लिए रोजगार के साधन मुहैया कराएगा।
मुझे मतदान करने का इंतजार था। इस वर्ष पहली बार वोट करने का मौका मिला है। वोट उसी प्रत्याशी को जाएगा, जो शिक्षित हो और साफ सुथरी छवि वाला हो। शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने वाली सरकार बननी चाहिए। जिससे युवाओं को आगे बढ़ने में मदद मिल सके। - अंशू मिश्रा
केवल कोरे वादे कर वोट मांगने वाले पसंद नहीं हैं। समाज के लिए व्यवस्थाएं बनाने में भूमिका निभाने वाला प्रत्याशी हो। किसी के कहने से नहीं, जो राष्ट्र को सर्वप्रथम माने राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाए, क्योंकि यह राष्ट्र है तो हम हैं। राष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ मानने वाली सरकार चाहिए। - वैभव सक्सेना
शिक्षा के क्षेत्र में जलालाबाद नगर अभी तक काफी अति पिछड़ा क्षेत्र है, ना ही यहां पर कोई टेक्निकल कॉलेज है और ना ही कोई फार्मेसी कॉलेज और बीएससी/बीकॉम जैसे कोर्स हैं। शिक्षा के मुद्दे पर जो प्रत्याशी खरा उतरेगा उसे वोट देंगे। सरकार भी शिक्षा को बढ़ावा देन वाली हो। - नितेश कटियार
नई नगर सरकार का युवाओं के लिए स्थानीय रोजगार प्रबंधन पर भी ध्यान हो। शहरी क्षेत्र में कोई जगह तलाश कर लघु उद्योग स्थापित किए जाएं। ऐसा प्लेटफार्म तैयार करने का प्रयास हो सकता है जो कला और संगीत के क्षेत्र में रूचि रखने वाले युवाओं की दक्षता बढ़ाए। - प्रियम गुप्ता
उच्च, तकनीकी व रोजगार परक शिक्षा तथा रोजगार आज के युवाओं की पहली जरूरत है। आने वाले चुनाव में उसी प्रत्याशी को वोट देंगे, जिसका दल इन सब मुद्दों पर सरकार बनाने की बात करें। शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने वाली सरकार ही चाहिए। अन्य किसी पर भरोसा नहीं है। - आद्या कृष्ण
युवा होने के नाते हम चाहते हैं कि नई सरकार लघु उद्योग स्थापित करने वाली होनी चाहिए। ताकि युवाओं को रोजगार का मौका मिल सके। स्वरोजगार में भी सहयोग दे तो और बेहतर बात होगी। इस बार चुनाव में मतदान करके लोगों ऐसे प्रत्याशी को चुनेगे, जो सभी को सम्मान प्रदान करे। - सुरभि सिंह