शाहजहांपुर। शासन के निर्देश पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को शहर के साथ ही देहात क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। कुछ स्थानों पर प्रवर्तन दल से लोगों की नोकझोंक भी हुई।
नगर निगम के प्रवर्तन दल के प्रभारी राजेंद्र त्रिपासिया के नेतृत्व में टीम ने आर्य समाज मंदिर के मैदान की दीवार के आगे फुटपाथ पर रखे काउंटर आदि को हटवा दिया। मंदिर की दीवार से सटे रखी लोहे की चादर से बनी दुकान को हटवाने का प्रयास किया गया तो दुकान में कोरियर संचालक ने विरोध किया। कोरियर संचालक को निर्देशित किया है कि खुद ही दुकान हटा ले, अन्यथा जबरदस्ती हटवा दिया जाएगा।
प्रवर्तन दल टाउनहाल ओवरब्रिज से रोडवेज बस अड्डा वाली रोड पर पहुंचा। जहां दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान का हटवाया। रेलवे क्रॉसिंग के पास लगने वाली दुकानों को ही हटवा दिया गया। लाल इमली चौराहे तक अतिक्रमण हटाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सिटी सरवणन टी. भी मौजूद रहे।
तिलहर में पक्षपात का आरोप, नोकझोंक
तिलहर। मंगलवार को एसडीएम राशि कृष्णा, पालिका अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार कुशवाहा, पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार, थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल सरकारी अस्पताल के सामने पहुंचा। यहां पर दुकानों के आगे मुख्य बड़े नाले की स्लैब को तोड़ दिया। जेसीबी चलाकर तमाम स्थानों पर अतिक्रमण को हटाया गया। भीड़ बढ़ने पर कई बार पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी। पुराने रोडवेज स्थित बाइक एजेंसी के समीप एक खाली दुकान को जेसीबी मशीन से ढहा दिया गया। एक मेडिकल स्टोर स्वामी से काफी देर पालिका ईओ की नोकझोंक होती रही।
बाद में चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया। पुराने रोडवेज के सामने रेता-बजरी के कई दुकानें हैं। एक दुकान स्वामी ने वर्ष 1982 का स्थगन आदेश दिखाकर अतिक्रमण को हटाने से रोक लिया। विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष आदित्य कुमार और जिला सह मंत्री सुरेश कुमार शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने एसडीएम को पुराने रोडवेज के सामने पालिका आराजी पर बनीं अवैध 47 दुकानों को अतिक्रमण के दौरान हटाए जाने को लेकर ज्ञापन दिया है। संवाद
खुटार में साप्ताहिक बंदी के दिन गरजी जेसीबी
खुटार। साप्ताहिक बंदी के दिन मंगलवार शाम एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव, सीओ बीएस वीरकुमार, तहसीलदार धर्मेंद्र पांडे, ईओ अनिरुद्ध पटेल कई राजस्वकर्मियों और भारी पुलिस बल के साथ मुख्य चौराहे पर पहुंचे। इसके बाद पुवायां मार्ग पर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया गया। जानकारी मिलते ही तमाम व्यापारी मौके पर पहुंच गए और बिना सूचना दिए अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। व्यापारियों ने कहा कि साप्ताहिक बंदी के कारण तमाम व्यापारी बाहर गए हैं। अधिकारियों ने व्यापारियों की एक नहीं सुनी और जेसीबी से अतिक्रमण हटाने का सिलसिला जारी रखा। संवाद
जलालाबाद में बलपूर्वक हटाए अवैध कब्जे
जलालाबाद। एसडीएम बरखा सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। प्रशासन ने बरेली हाइवे पर नाले तक किये गए अतिक्रमण को हटवा दिया। तहसील परिसर में रास्ते पर खड़ी कई बाइकों का चालान किया गया। अधिकारियों ने सदर बाजार में पैदल गश्त कर दुकानदारों को एक सप्ताह का समय देते हुए नाले के ऊपर और आगे का अतिक्रमण स्वयं हटा लेने की चेतावनी। संवाद
बअल्हागंज में आज चलेगा अभियान
अल्हागंज। मुख्य सड़क पर अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार को जलालाबाद एसडीएम के नेतृत्व में चलाया जाएगा। वहीं व्यापारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी कर दिए गए हैं लेकिन उसकी सीमा नहीं बताई गई है। दुकानदारों ने अपने टिन शेड उतारने शुरू कर दिए हैं। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक पंकज मिश्र ने बताया कि शुरुआत में सड़क किनारे का अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाएगा।