फिटाई से खिन्न विद्युत कर्मचारियों ने विद्युत गृह में ताला लगा दिया और निगोही थाने पर आ गये
- फोटो : SHAHJAHANPUR
निगोही। बिजली का बिल बकाया होने पर कस्बे के 50 कनेक्शन काटे जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली निगम की टीम को दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीट दिया। कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आक्रोशित कर्मचारियों ने बिजली उपकेंद्र पर ताला डालकर निगोही थाने पर धरना शुरू कर दिया। बाद में कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए।
बुधवार को अवर अभियंता सुनील कुमार के निर्देशन में बिजली निगम की टीम ने चेकिंग अभियान को शुरू किया। इस बीच कस्बे के 50 बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए। आक्रोशित उपभोक्ता लाठी-डंडे लेकर आ गए और बिजली कनेक्शन काट रहे संविदाकर्मी सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव मियांपुर निवासी सचिन कुमार, निगोही के गांव उदरिया निवासी मुकेश कुमार की जमकर पिटाई कर दी है। इस बीच अन्य कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। बिजली कर्मचारियों को पीटे जाने की खबर पाकर अवर अभियंता सुनील कुमार बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे। कर्मचारियों ने पावर हाउस पर ताला लगा दिया। कर्मचारी निगोही थाने पहुंच गए। टीजी-टू सुनील कुमार, सचिन कुमार, मुकेश कुमार, अवर अभियंता शिवशरण प्रसाद ने तहरीर दी। पुलिस के रिपोर्ट दर्ज नहीं करने से नाराज कर्मचारियों ने थाना गेट पर धरना शुरू कर दिया। इसी बीच दरोगा राजकुमार आए। कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह के आने पर रिपोर्ट दर्ज हो जाएंगी। जिसके बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।