पुवायां। खुटार के गांव बिजौरा बिजौरिया की वृद्धा मंजीत कौर ने खुटार पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलकर उनकी जमीन और मकान पर कब्जे की कोशिश करने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को उन्होंने तहसीलदार कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया।
मंजीत कौर ने बताया कि उनकी जमीन खुटार के गांव बिजौरा बिजौरिया में है। उनको मृत दर्शाकर फर्जी पावर ऑफ अटार्नी बनाकर उनकी जमीन को कुछ लोगों ने बेच दिया था। जानकारी होने पर उन्होंने पुवायां थाने में जमीन बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें विवेचना चल रही है। उन्होंने फर्जी बैनामे को निरस्त कराने के लिए पुवायां में सिविल जज के यहां मुकदमा भी कर रखा है। इस मामले में कोर्ट ने जमीन को बंधक रखने, बेचने और किसी प्रकार अंतरण वाद निस्तारण पर रोक लगा रखी है।
मुकदमे से नाराज जमीन खरीदने वालों ने उनके घर आकर दामाद और पुत्री को काफी पीटा और खुटार पुलिस से साठगांठ कर थाने में बंद करा दिया। इसके बाद सौर ऊर्जा प्लेट चोरी की साजिश रची गई। इसमें उनके दामाद आदि को फंसाने की साजिश थी लेकिन लोगों के वीडियो बना लेने से षड़यंत्र विफल हो गया। 22 जून को खुटार पुलिस की मदद से कई गाड़ियों से आए लोगों ने उनके घर को घेर लिया और बंधक बनाकर पिटाई की। तहसीलदार कोर्ट से स्टे के बाद भी उनकी धान की फसल जोत दी गई, इससे उनका भारी नुकसान हुआ है। खुटार पुलिस के आरोपियों को संरक्षण देने के कारण उन लोगों को मजबूरन तहसील में धरना-प्रदर्शन करना पड़ा है।
महिला का प्रकरण संज्ञान में आया है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को बुलाया है। मैं भी मौके पर जाऊंगा। इसके बाद मामले का निस्तारण कराया जाएगा। - डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, तहसीलदार पुवायां