शाहजहांपुर। पुराने जिला अस्पताल परिसर में संचालित टीबी अस्पताल में दवा लेने आए कांट कस्बे के 56 वर्षीय सीताराम की खून की उल्टी आने के कुछ देर के बाद मौत हो गई।
दोपहर करीब 12 बजे सीताराम पुराने अस्पताल स्थित टीबी अस्पताल में दवा लेने के लिए आए थे। पर्चा बनवाने के बाद अपनी बारी का इंतजार करते हुए साइकिल स्टैंड के पास बैठ गए। अचानक उन्हें खून की उल्टी होने लगीं। इसके बाद उनकी मौत हो गई। इस बीच एक युवक ने अंदर जाकर सूचना दी। डॉक्टर फैजल तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच की।
अस्पताल से तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई। चौक कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की तलाशी ली। उनके मोबाइल से नंबर निकालकर परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के बेटे ने आकर बताया कि सीताराम काफी समय से बीमार चल रहे थे। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया। नोडल अधिकारी डॉ. ओमेंद्र राठौर ने बताया कि सीताराम पहली बार दवा लेने आए थे। इससे पहले कभी क्लीनिक में नहीं आए। उनका उपचार करने से पहले ही निधन हो गया। संवाद