मोहल्ला सराय काइयां में शिवओम अवस्थी की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला सरायकाइयां निवासी शिवओम अवस्थी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के गले और पैरों में खरोंच के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर परिजन से पूछताछ की। मृतक के भाई ने हत्या का शक जाहिर करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मृतक के बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शक की सुई बेटे और किराएदार पर घूम रही है।
70 वर्षीय शिवओम अवस्थी अपने बेटे रामजी उर्फ आर्यन के साथ रहते थे। वह मूलत: थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा के निवासी थे। मंगलवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। मृतक के गले और पैरों में खरोंच के निशान मिले हैं। रामजी के खबर देने के बाद मृतक के भाई हरिओम अवस्थी निवासी रामबोझा थाना दियूरिया कलां जनपद पीलीभीत ने चोट के निशान देखकर हत्या का शक जाहिर करते हुए घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया। उनका कहना था कि शिवओम की स्वाभाविक मृत्यु नहीं है, उनकी हत्या की गई है।
सूचना पर थाना रामचंद्र मिशन प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार पुलिस बल के साथ आ गए। उन्होंने परिजन से पूछताछ की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ सिटी सरवणन टी. ने बताया कि शिवओम अवस्थी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई हरिओम की तहरीर के आधार पर बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी प्रकाश में आता है, उसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
किरायेदार हुआ लापता
शिवओम अवस्थी के घर में एक युवक पत्नी के साथ किराये पर रहता था। बुजुर्ग की मौत के बाद से किरायेदार गायब हो गया। पुलिस के शक की सुई किरायेदार और बेटे आर्यन उर्फ रामजी अवस्थी पर घूम रही है। चर्चा है कि किरायेदार की नजर शिवओम की संपत्ति पर थी। रामजी अवस्थी और किरायेदार की गहरी दोस्ती थी। घटना के बाद किरायेदार का जाना शक बढ़ा रहा है।