नगर निगम कार्यालय के सभागार में सीनियर सिटीजन को संबोधित करते नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र
शाहजहांपुर। वरिष्ठ नागरिकों के लिए केयर सेंटर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। नगर आयुक्त ने कहा कि टाउन हॉल में चिह्नित जमीन पर ही इसे बनवाया जाएगा।
शनिवार को नगर निगम कार्यालय के सभागार में सीनियर सिटीजन के साथ बैठक को नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निगम की ओर से सीनियर सिटीजन की सुविधाओं को ध्यान में रखकर प्रयास किया जा रहे हैं, जिसमें सीनियर सिटीजन केयर सेंटर प्रमुख है। केंद्र पर शहर में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को उनके स्वास्थ्य की देखभाल से संबंधित सुविधा प्राप्त हो सकेगी। इसके साथ ही सीनियर सिटीजन के लिए शहर में ओपन जिम खोलने, योग पार्क बनाने की भी योजना है। नगर आयुक्त ने सीवर लाइन डालने को लेकर आ रही समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन भी दिया। इस बीच सोसाइटी के जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र पाठक व महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी सावित्री शर्मा ने नगर आयुक्त ने सीनियर सिटीजन की समस्याओं पर ध्यान दिए जाने को लेकर आभार जताया।