शाहजहांपुर। सांसद अरुण सागर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में ब्राॅडबैंड कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए भारत सरकार ने भारत ब्राडबैंड नेटवर्क लिमिटेड बनाया है। उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल में इसका कार्य भारत संचार निगम लिमिटेड से कराया जा रहा है।
शनिवार को सांसद ने भारत संचार निगम लिमिटेड सलाहकार समिति (बीएसएनएल) के अधिकारियों के साथ बैठक में इसके कार्याें की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छह जिलों के सदस्यों से सुझाव लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं।
सांसद ने कहा कि दूरसंचार क्षेत्र सीतापुर के मुखिया वरिष्ठ महाप्रबंधक हैं। इनकी सहायता के लिए उप महाप्रबंधक (नेटवर्क) सीतापुर, लखीमपुर, शाहजहांपुर, हरदोई, बहराइच के सहायक महाप्रबंधक ट्रांसमिशन ग्रामीण अंतरिक वित्त सलाहकार के पद सृजित हैं, जो विभाग के कई कार्य देखते हैं। सरकार बीएसएनएल को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए काफी प्रयास कर रही है। कई योजनाओं के जरिये कार्य भी किया जा रहा है।
सांसद ने प्रगति कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रदेश विशेष सहायता योजना के अंतर्गत राज्य सरकार से 16718 ग्राम पंचायतों में प्रति ग्राम पंचायत में पांच कनेक्शन, सरकारी संस्थानों, प्रतिष्ठानों में लगाने का लक्ष्य दिया गया है।
बैठक में दूरसंचार विभाग के महाप्रबंधक कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, टीडीएम सीतापुर सुमित दुबे, शाहजहांपुर टीडीएम फरहाद आलम, सीतापुर टीडीएम मुकेश आनंद, लखीमपुर टीडीएम जगदीश कुमार, बहराइच टीडीएम अशोक कुमार वर्मा और हरदोई टीडीएम देवेंद्र कुमार मौजूद रहे।