शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र के नाहिल गांव निवासी ई-रिक्शा चालक राहुल (30) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार शाम वह सिंघापुर खास गांव के पास सड़क पर आए गोवंशीय पशुओं के झुंड से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अनिल कुमार ने बताया कि उनके मौसेरे भाई राहुल ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार शाम वह अकेले बंडा की ओर से आ रहे थे। सिंघापुर खास गांव के पास अचानक सड़क पर आए पशुओं के झुंड से ई-रिक्शा टकरा गया। हादसे में राहुल के सिर में गंभीर चोट आई।
सीएचसी से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां बृहस्पतिवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। राहुल चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका रिश्ता तय हो चुका था और होली के बाद शादी होने वाली थी। उनकी मौत से मां, बहन और भाइयों का रो-रोकर हाल बेहाल है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि ई-रिक्शा चालक का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
-
छुट्टा पशुओं को लेकर लोगों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों और बाजारों के बीच पशु बैठे रहते हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन उनसे टकरा जाते हैं। शाम ढलते ही सड़कों पर निकलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन छुट्टा पशुओं की समस्या का पुख्ता समाधान नहीं हो पा रहा है।