निगोही में नदी में डूबे किसान शिवकुमार के परिजन रोते बिलखते हुए। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
निगोही। खेत में फसल चर रहे पशुओं को भगा रहा किसान पैर फिसलने से नदी में गिर गया। बाद में लोगों ने उसका शव नदी से बरामद किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
निगोही थाना क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर का रहने वाला शिवकुमार (35) रविवार शाम कैमुआ नदी के निकट अपने खेत पर गया था। उसके खेत में कई छुट्टा पशु फसल चर रहे थे। शिवकुमार ने डंडा लेकर पशुओं को भगाना शुरू किया। माना जा रहा है कि पशुओं को भगाते-भगाते शिवकुमार नदी के किनारे पहुंच गया और पैर फिसलने से वह कैमुआ नदी में गिर गया। इस समय कैमुआ नदी उफनाई हुई है, जिससे शिवकुमार बाहर नहीं निकल पाया और डूब गया।
आसपास के खेतों की रखवाली कर रहे किसानों ने बताया कि उन्होंने शिवकुमार को पशुओं को भगाते हुए देखा था। शिवकुमार पशुओं को भगाते हुए नदी की ओर चला गया था। इसके बाद वे लोग उसे नहीं देख पाए थे। रात तक शिवकुमार घर नहीं पहुंचा तो परिजन को चिंता हुई। उन लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शिवकुमार को ढूंढ़ना शुरू किया।
किसानों के शिवकुमार के नदी के पास जाने की जानकारी मिलने पर उसे लोग नदी में तलाशने लगे। देर रात ग्रामीणों को शिवकुमार का शव कैमुआ नदी में रुद्रपुर के पास से बरामद हुआ। शिवकुमार की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवकुमार की पत्नी शांतिदेवी, बेटा रविंद्र, बेटी शीतल, प्रिया, आकांक्षा, नेहा के आंसू थम नहीं रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को शिवकुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव अर्जुनपुर में पिछले दो साल से सैकड़ों छुट्टा पशु किसानों की फसल चौपट कर रहे हैं। इससे किसान बहुत परेशान हैं और दिन-रात जागकर फसल की रखवाली करते हैं।