शाहजहांपुर। लॉकडाउन में कुछ लोग घर में रहकर ऊब रहे है तो कुछ ऐसे भी हैं, जिनके लिए यह कुछ अलग करने का मौका है। ये लोग न सिर्फ अन्य लोगों से हटकर काम करके अपनी क्रियाशीलता का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि लोगों को भी लॉकडाउन में समय का सदुपयोग कैसे करें सिखा रहे हैं। शाहजहांपुर से गहरा नाता रखने वाले डॉ. पंकज का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। डॉ. पंकज शर्मा इन समय नोएडा में रह रहे हैं। लॉक डाउन के 40 दिनों में उन्होंने नोएडा अथॉरिटी की ग्रीन बेल्ट की झाड़ियों को साफ करके योगा स्पॉट बना दिया। ताकि जब लॉकडाउन हटे तो लोग यहां योगा करके स्वस्थ रह सकें।
दरअसल डॉ. पंकज शर्मा की बहन शशि शर्मा की शादी शाहजहांपुर के रहने वाले दिलीप कुमार शर्मा से हुई है। शशि भावलखेड़ा में कस्तूरबा विद्यालय में अध्यापिका हैं। 34 साल से उनका शाहजहांपुर से जुड़ाव रहा है। डॉ. पंकज कोरोना महामारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए देश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की भाषा शैली में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और यू-ट्यूब पर डाल रहे हैं। इस बार उन्होंने शाहजहांपुर के ग्रामीण परिवेश पर वीडियो बनाया है। जिसको देखकर लोग उनके आइडिया को फॉलो करने के साथ ही इस वैश्विक महामारी के प्रति जागरूक हो सके। डॉ. पंकज ने बताया कि शाहजहांपुर कि भाषा शैली में बनाया गया उनका वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में उन्होंने लोगों से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। विशेषकर दूसरे राज्यों से ग्रामीण क्षेत्र में आने वाले लोगों से निवेदन किया है कि जितना हो सके वह घर पर ही रहे।