शाहजहांपुर। आगामी विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर पूरा प्रशासन चुनाव की तैयारियों में लगा है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रोजा मंडी स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि कोविड गाइडलाइन के अनुसार मतगणना के लिए कक्ष निर्धारित किए जाएंगे।
डीएम ने डिप्टी आरएमओ, मंडी सचिव को निर्देश दिए कि जिन कक्षाओं में मतगणना की जानी है, उन्हें खाली करवा दिया जाए व उन कक्षों की साफ-सफाई करवा दी जाए। डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य के विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा आठ जनवरी को की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की अधिसूचना 21 जनवरी, नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन 28 जनवरी, नामांकन पत्रों की जांच 29 जनवरी, नाम वापसी के लिए अंतिम दिन 31 जनवरी है। मतदान का दिन 14 फरवरी है और 10 मार्च को मतगणना होगी। 12 मार्च तक निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस दौरान एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी और मंडी के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।