शाहजहांपुर। लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद सोमवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह के साथ बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया। बीएसए दिव्या गुप्ता कर्मचारी आचरण नियमावली स्पष्ट नहीं कर पाईं।
मान्यता संबंधी अभिलेख व शिकायतों के निस्तारण का विवरण नहीं मिला। डीएम ने बीएसए और लिपिक से जवाब तलब किया है। दोपहर में अचानक दोनों अधिकारी बीएसए कार्यालय में पहुंच गए। डेढ़ घंटे के निरीक्षण में एक-एक पटल पर जाकर जानकारी ली। कार्यालय में मिले लोगों से वहां आने की वजह पूछी। साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर नाराजगी जताई।
डीएम को स्कूलों की मान्यता अभिलेख एवं विभिन्न शिकायतों के निस्तारण का कोई स्पष्ट और विवरण विभाग से नहीं मिला। लापरवाही पर तैनात लिपिक राजेश से जवाब-तलब किया है।
कार्यालय की सफाई व्यवस्था, पत्रवलियों का रखरखाव, और कर्मचारियों पर नियंत्रण में गंभीर कमियां मिली। बीएसए दिव्या गुप्ता कर्मचारी आचरण नियमावली के संबध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। इस पर डीएम ने बीएसए से स्पष्टीकरण मांगा है।
उनसे कहा कि वह स्पष्ट करें कि कार्यालय प्रबंधन में लापरवाही क्यों बरती जा रही है? डीएम ने विशेष रूप से वेतन और पेंशन से जुड़े मामलों की फाइलें खंगाली गईं। कई फाइलों में प्रक्रिया अधूरी मिली। डीएम ने वेतन, पेंशन एवं विभागीय कार्यवाही से संबंधित कई महत्वपूर्ण फाइलें जब्त करने के निर्देश दिए।