शाहजहांपुर। बिजली निगम की लापरवाही से मदनापुर के बरीखास समेत कई गांवाें में गेहूं के खेतों में आग लग गई। इससे नाराज किसानों ने कटरा-जलालाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। मदनापुर उपकेंद्र व थाने का घेराव किया।
एसडीओ के कहने के बावजूद अवर अभियंता चिरौंजी लाल माैके पर नहीं पहुंचे और मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। इस पर एसडीओ ने जेई के निलंबन की संस्तुति की है। सोमवार को दोपहर में बरीखास में बिजली आपूर्ति शुरू होने से गेहूं की फसल में आग लग गई।
सहजना मधु, रहदेवा, चाहरपुर आदि गांव में कई किसानों की फसल जल गई। जलालाबाद के एसडीओ पीसी सागर ने एएसओ से कहकर आपूर्ति को बंद कराया गया। बिजली निगम की लापरवाही सामने आने पर किसानों ने उपकेंद्र की ओर कूच कर दिया। उन्होंने कटरा-जलालाबाद हाईवे को कांट तिराहे के पास बाइकों को आड़ी-तिरछी खड़ा कर जाम लगा दिया।
करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद जाम खुल सका। इसके बाद किसानों ने थाना घेर लिया। वहां से समझाने के बाद उपकेंद्र पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
उन्होंने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे जेई की लापरवाही से गेहूं जलने की बात कहते हुए उन्हें बुलाने पर अड़े रहे। इंस्पेक्टर ने एसडीओ को कॉल कर जेई को भेजने के लिए कहा।
एसडीओ ने काॅफ्रेंसिंग पर जेई को मौके पर जाने के निर्देश दिए। उनके कहने के बावजूद अवर अभियंता उपकेंद्र पर नहीं पहुंचे और अपने दोनों मोबाइल फोन बंद कर लिए। काफी देर तक चले हंगामे के बाद एसडीओ ने कॉल कर अवर अभियंता पर कार्रवाई का आश्वासन देकर किसानाें को शांत किया।
जेई की कार्यप्रणाली से नाराज उपखंड अधिकारी ने एक्सईएन जलालाबाद को पत्र भेजकर निलंबन की संस्तुति की है।
मदनापुर में हाईवे को जाम करते किसान। स्रोत: जागरुक पाठक